UP News: कानपुर चिड़ियाघर पहुंचे आरिफ को देखते ही खुशी से कूदने लगा सारस, मिलने के लिए दिखा व्याकुल, वायरल हुआ वीडियो

April 11, 2023 by No Comments

Share News

Arif reached Kanpur Zoo: फिलहाल आप सभी यूपी के अमेठी के रहने वाले आरिफ और सारस की दोस्ती की कहानी तो पता ही होगी और इस दोस्ती के दुखद अंत के बारे में भी जानकारी होगी, लेकिन इस दोस्ती को लेकर एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि आरिफ को देखते ही सारस किस तरह से खुश है और मिलने के लिए तरस रहा है और बाड़े में कैद सारस बाड़े के अंदर ही उड़ने लगता है. यह वीडियो देखकर दोनों की दोस्ती की कहानी कहने को कोई शब्द ही नहीं रह जाते हैं.

मंगलवार को आरिफ कानपुर के चिड़ियाघर पहुंचे, जहां आरिफ से सारस को सुरक्षा के नाम पर अलग करके वन विभाग ने रखा है. सारस आरिफ को देखते ही बाड़े के अंदर उड़ने लगा था तो वहीं आरिफ भी सारस को दुलराने के लिए आतुर दिखे. ये पल देखकर लग रहा था कि मानो सारस आरिफ का ही इंतजार कर रहा था. बता दें कि आरिफ को सारस से तभी मिलवाया गया, जब उसका क्वारटाइन पीरियड पूरा हो गया. इस दौरान कानपुर जू के अधिकारी भी मौजूद रहे. बता दें कि कुछ महीने पहले आरिफ और सारस की दोस्ती सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई थी.

इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव दोनों से मिलने के लिए चले गए थे. इसी के बाद वन विभाग ने सुरक्षा का हवाला देते हुए सारस को चिड़ियाघर में बंद कर दिया और इस तरह से कई महीने से सारस के साथ रह रहे आरिफ सारस से अलग हो गए. बता दें कि आरिफ को सारस खेत में घायल अवस्था में मिला था. तब आरिफ ने सारस की देखभाल की थी और उसकी जान बचाई थी. इसी के बाद से आरिफ और सारस साथ रहते थे. इस दौरान आरिफ ने कभी भी सारस को किसी बाड़े या पिंजड़े में नहीं रखा था. आरिफ ने इस सम्बंध में बयान दिया था कि सारस दिन भर जंगलों व खेतों में घूमता था और जब उसका मन होता था तो वह आरिफ के पास आ जाता था.

यहां देखें वीडियो