UP News: एसपी ने नहीं दी छुट्टी तो बच्चे का शव लेकर SSP ऑफिस पहुंचा सिपाही, कहा, “अब क्या करुंगा इस नौकरी का”, आर्मीमैन भाई की भी हो चुकी है मौत, वायरल हुआ रुला देने वाला वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसकर्मी अपने अधिकारियों से सवाल करते नजर आ रहे हैं कि आप मेरी जांच कराईए और बर्खास्त करिए, अगर मैं गलत तरीके से छुट्टी मांग रहा था। जब मैं वाजिब कारण बता रहा था तो मुझे छुट्टी क्यों नहीं दी गई। आप इसकी वजह बताएं।
इसी के साथ सिपाही अधिकारियों से ये भी कहते दिख रहे हैं कि मेरा भाई आर्मी में था, उसकी भी मौत हो गई और मेरे बेटे की भी मौत हो गई। मेरी पत्नी के तीन ऑपरेशन हो चुके हैं, अब तो बच्चा भी नहीं होगा। मैं अकेला बचा हूं। अब क्या करुंगा इस नौकरी और सम्पत्ति का…इसी के साथ वीडियो में दिख रहा है कि सिपाही अपने सारे सवालों के जवाब मांग रहे हैं तो बेरहम अधिकारी कहते दिख रहे हैं कि जो हुआ सो हुआ….इस पर पीड़ित सिपाही ने कहा कि ऐसा कैसे जो हुआ सो हुआ, आप मेरे सवालों का जवाब दें…
यह दिल दहला देने वाला वीडियो उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र की एकता कॉलोनी का बताया जा रहा है। जानकारी सामने आई है कि सिपाही सोनू चौधरी ने अपनी पत्नी के इलाज के लिए अवकाश मांगा था लेकिन एसपी ने छुट्टी नहीं दी तो वह अपने बच्चे का शव लेकर कार्यालय पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि सिपाही पत्नी के ऑपरेशन के लिए अवकाश की मांग कर रहा था तो वहीं घर से बाहर पानी से भरे गढ्ढे में सिपाही के दो साल के बच्चे की गिरने से मौत हो गई। बच्चे की मौत के लिए सिपाही ने एसपी सहित अपने उच्चाधिकारियों पर आरोप लगाया है कि वह जायज छुट्टी की मांग कर रहा था, पर उसे अवकाश नहीं दिया गया। इसी के साथ सोनू ने कहा कि उसके बिजी रहने के कारण ही उसके बच्चे की मौत हुई है। तो वहीं अधिकारियों से तमाम सवाल कर रहे और अपने अधिकारों की मांग कर रहे सोनू को अन्य पुलिस कर्मी व अधिकारियों ने समझाकर शांत कराया और घर वापस भेजा।
दो हफ्ते से बीमार है पत्नी
जानकारी सामने आई है कि सिपाही सोनू चौधरी मथुरा से हैं। वह इटावा में पुलिस लाइन में तैनात हैं और वह एकता कॉलोनी में किराए पर रहते हैं. उनकी बीवी पिछले 15 दिनों से बीमार चल रही है। सोनू अपनी बीवी कविता और 2 साल के बेटे हर्षित उर्फ गोलू की देखभाल करने के लिए छुट्टी मांग रहा था। बच्चे की मौत को लेकर सोनू ने जानकारी दी कि उनकी पत्नी कविता की तबीयत पिछले सप्ताह से ठीक नहीं है। इसलिए उसने 7 जनवरी को SP (शहर) कपिल देव के दफ्तर में छुट्टी के लिए आवेदन किया था। बुधवार दोपहर जब वह काम पर निकला, तो उसका बेटा घर से निकला और गड्ढे में गिर गया। बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।