Video: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सफेद लिबास में “भूतिया” वीडियो, पुलिस ने बढ़ाई गश्त, वीडियो फॉरवर्ड न करने की अपील
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक छत पर सफेद लिबास में कोई चलता हुआ नजर आ रहा है। यह वीडियो उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले का बताया जा रहा है। इसे भूतिया वीडियो कहा जा रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्रीय लोगों में खलबली मच गई है। इसकी जानकारी पुलिस तक पहुंचने के बाद भेलूपुर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस पूरे मामले को लेकर भेलूपुर पुलिस स्टेशन के निरीक्षक रमाकांत दुबे ने बताया कि इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में डर बैठ गया है। इस पर शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही इलाके में गश्त भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले बड़ी गाबी इलाके में स्थित वीडीए कॉलोनी का एक वीडियो वाट्सअप पर वायरल हुआ था, जिसमें एक परछाई सफेद रंग के लिबास में घूमती नजर आई थी। इसी के बाद इस तरह के तीन और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। जिससे आस-पास के लोगों में हड़कम्प मच गया था। कुछ लोगों ने वीडियो को असली तो कुछ ने फर्जी बताया है।
इस सम्बंध में एक स्थानीय निवासी ने बताया कि पहली नजर में यह वीडियो फर्जी ही लग रहा है। सच्चाई का खुलासा जल्द से जल्द होना चाहिए। तो वहीं इस मामले में डीसीपी ने लोगों से कहा है कि इस तरह के वीडियो फारवर्ड न करें। ऐसी कोई घटना वाराणसी में नहीं हुई है।
यहां देखें वीडियो