Noida:महिला को गाली देने व मारपीट करने वाले भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी के आशियाने पर चला बुलडोजर, वायरल हुआ वीडियो, देखें महिलाओं ने क्या कहा (चेतावनी- कुछ वीडियो में अपशब्दों का इस्तेमाल है)
नोएडा। नोएडा की ओमैक्स सिटी में रहने वाली महिला को गाली देने के बाद फरार हुए भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी के घर पर सोमवार की सुबह बुलडोजर चला दिया गया। उत्तर प्रदेश के नोएडा में प्रशासन ने नोएडा के सेक्टर 93 में ग्रैंड ओमेक्स में श्रीकांत त्यागी के घर पर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल ओमैक्स सिटी के लोगों के विरोध के बाद पुलिस प्रशासन त्यागी के खिलाफ सख्त होता दिखाई दे रहा है। बता दें कि दो दिन पहले ही त्यागी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह महिला को भद्दी-भद्दी गालियां देते नजर आ रहे हैं।
इसके बाद यहां के लोगों ने त्यागी का विरोध कर पुलिस से गिरफ्तार करने की मांग की थी। इसी के बाद से त्यागी फरार है। तो वहीं रविवार की देर रात सोसायटी के लोगों द्वारा एक और वीडियो वायरल किया गया था, जिसमें बताया गया था कि त्यागी का विरोध करने वाली महिलाओं को ढूंढने के लिए त्यागी ने गुंडे भेजे थे।
इसको लेकर भी यहां के लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए तुरंत कार्यवाही की मांग की थी। इस घटना के दूसरे दिन ही त्यागी के घर पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।