Lucknow: फांसी के फंदे से झूलता मिला SDRF कर्मी का शव, बेड पर पड़ी मिली पत्नी की लाश; पड़ोसियों ने लगाया ये बड़ा आरोप
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां बिजनौर थानाक्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले 27 वर्षीय SDRF कर्मी अजय सिंह का शव कमरे में फांसी के फंदे से झूलता मिला है और उनकी पत्नी नीलम का शव बेड पर पड़ा हुआ था. घटना की जानकारी होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सोमवार शाम से दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी.
बता दें कि पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर अंदर कमरे में जब दाखिल हुए तो अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए. इस घटना को लेकर पुलिस ने बताया है कि पत्नी को फंदे पर लटका देखने के बाद अजय ने उसे रस्सी काटकर उतारा था और फिर इस घटना से वह इतना घबरा गए कि बाद में खुद भी फांसी लगा ली. हालांकि इस पूरे मामले को लेकर आस पड़ोस के लोगों का आरोप है कि अजय ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद भी फांसी लगा ली. फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है और अभी ये स्पष्ट नहीं है कि ये हत्या है या आत्महत्या. अजय मूल रूप से आगरा के रहने वाले थे और डेढ़ साल पहले ही उनका प्रेमविवाह हुआ था. वह यहां बिजनौर में एसडीआरएफ यूनिट के पास किराए के मकान में रहते थे.
लोगों ने देखा रोशनदान से झांककर
पुलिस के मुताबिक, लोगों ने रोशनदान से झांक कर देखा तो अजय सिंह का शव फांसी से झूल रहा था और उनकी पत्नी नीलम उम्र करीब 23 वर्ष की लाश बेड पर पड़ी हुई थी. पत्नी के गले में फांसी की रस्सी बंधी हुई थी और दरवाजा अंदर से बंद था. फिलहाल घटना की जानकारी होने पर SDRF के सभी अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अजय सिंह 2019 से एसडीआरएफ में तैनात थे. फिलहाल शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और न ही अभी तक पूरी घटना का कारण स्पष्ट हो सका है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. तो वहीं इस पूरी घटना की जानकारी अजय सिंह के परिवार वालों को दे दी गई है. वो भी आगरा से लखनऊ के लिए निकल चुके हैं.