Lucknow: अचानक पॉल मर्सी होम पहुंचीं मंडलायुक्त रोशन जैकब…उप जिलाधिकारियों को दिए ये निर्देश
Lucknow: मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब ने आज पॉल मर्सी होम, 9बी/35, वृन्दावन कालोनी, निकट आवास विकास ऑफिस, लखनऊ जो कि स्वैच्छिक संस्था द्वारा संचालित एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा अनुदानित एक मानसिक मंदित दिव्यांग आश्रय गृह है का निरीक्षण किया।
वर्तमान समय में पॉल मर्सी होम में कुल 35 पंजीकृत संवासी रह रही हैं. निरीक्षण के वक्त सभी 35 मौजूद मिली. इसके अतिरिक्त, कुल 14 कर्मचारियों में से सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। मण्डलायुक्त से संवासियों से बातचीत की और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं, कर्मचारियों के व्यवहार और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
स्वैच्छिक संस्था द्वारा मण्डलायुक्त को आश्रय गृह में संवासियों के शारीरिक गतिविधियों के लिए स्थान की कमी की समस्या से अवगत कराया गया। मण्डलायुक्त ने गृह के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था के सम्बन्ध में नगर निगम या लखनऊ विकास प्रधिकरण से आवश्यक सहयोग प्राप्त करने का अश्वासन दिया।
इसके अलावा उन्होने प्रत्येक संवासी के चिकित्सकीय परीक्षण को मुख्य चिकित्साधिकारी के माध्यम से एक निश्चित समय अन्तराल पर कराने के निर्देश दिये ताकि किसी भी संभावित स्वास्थ्य समस्या का समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही लखनऊ में दिव्यागजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित सभी मानसिक मंदित गृहों के लिए महिला कल्याण विभाग की संस्थाओं की भांति एक समर्पित अस्पताल को जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
संवासियों के निवास प्रमाण पत्र न होने के कारण आधार प्रमाण पत्र बनाने में आ रही समस्या को देखते हुए मण्डलायुक्त ने कर्मचारियों को सम्बन्धित उपजिलाधिकारी के समक्ष संवासियों के लिए निवास प्रमाण पत्र के आवेदन करने के लिए निर्देशित किया।
मण्डलायुक्त ने विभाग द्वारा वित पोषित व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत संवासियों द्वारा बनायी गयी विभिन्न उत्पादों का भी अवलोकन किया। उन्होने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवासियों द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार से जोड़ने हेतु आवश्यक कार्यवाही कराये।
इस अवसर पर राजेश मिश्र उपनिदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग लखनऊ मण्डल लखनऊ एवं शंशाक सिंह जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी लखनऊ भी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें-“कपड़े उतारो…लुभाने की कोशिश करो” ऑडिशन के वक्त जॉनी लीवर की बेटी जैमी से डायरेक्टर ने रखी गंदी डिमांड-Video