Lucknow: बेखौफ बदमाशों ने प्रापर्टी डीलर पर दिनदहाड़े बरसाई गोलियां…लाइव Video वायरल

Share News

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बेखौफ बदमाशों ने दिन दहाड़े एक प्रापर्टी डीलर पर गोलियां बरसा कर भाग निकले. इस घटना से साफ होता है कि बदमाशों में पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है. मामला पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम से सामने आया है. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है जो कि अब सोशल मीडिया पर वायरल है.

बुधवार दोपहर बेखौफ बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह पर उस वक्त जानलेवा हमला कर दिया जब वह कार से उतर कर अपने ऑफिस की ओर बढ़ रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश उनके करीब पहुंचे और ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं. सीने और सिर के पास गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. गोली मारकर बदमाश बाइक पर ही बैठकर भाग निकले तो वहीं चालक और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है और वह मौत व जिंदगी के बीच जंग लड़ रहे हैं.

वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई. सबसे बड़ी बात ये है कि ये घटना कल्ली चौकी से चंद कदम दूरी पर हुई. पुलिस बदमाशों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है. सीसीटीवी में दिख रहा है कि बदमाश पूरी तरह से मुंह ढके हुए थे. एक बाइक पर बैठा था तो दूसरे ने गोली मारी और फिर तुरंत बाइक पर बैठकर भाग निकले.

चालक ने दी जानकारी

घटना को लेकर चालक प्रदीप ने मीडिया को बताया कि दोपहर करीब 12 बजे संदीप ऑफिस पहुंचे और गाड़ी से उतरकर सीढ़ियों की ओर  बढ़ रहे थे कि बाइक से दो बदमाश आए जिसमें पीछे बैठे युवक ने तीन राउंड फायर कर दिए. गोली लगते ही संदीप लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े तो वहीं हमलावर रायबरेली रोड की तरफ भाग निकले.

घटना के वक्त तुरंत पुलिस को सूचना दी. इस पर डीसीपी दक्षिण अमित कुमार आनंद, पीजीआई पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची. फिलहाल घटना को लेकर पुलिस आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है.

इन बिंदुओं पर जांच जारी

पुलिस इस मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है, मसलन प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़ा कोई विवाद, किसी से पुरानी रंजिश अथवा व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा आदि के एंगल से पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. साथ ही मामले में कर्मचारियों, परिवार के साथ ही करीबी लोगों व नाते-रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है. हाल के विवादों और गतिविधियों की जानकारी भी पुलिस जुटा रही है.

मोहनलाल गंज में करते हैं काम

संदीप सिंह मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले हैं और पत्नी प्रीति, बेटी सीवी और बेटे सार्थक के साथ वृंदावन क्षेत्र में किराये पर रहते हैं. मोहनलालगंज में वह प्लॉटिंग का कारोबार करते हूं. रायबरेली रोड स्थित कल्ली पश्चिम में उनका कार्यालय है.

ये भी पढ़ें-पति नहीं था पसंद…मुस्लिम प्रेमी के साथ मिलकर की हत्या…तीन बच्चे हुए अनाथ