Varanasi: अब घर बैठे करें बाबा काशी विश्वनाथ के लाइव दर्शन, 6 महीने बाद फिर से शुरू हुई व्यवस्था, जानें क्या करना होगा आपको, देखें श्रंगार की अद्भुत तस्वीरें
वाराणसी। देश-विदेश में बैठे भक्तों की सहूलियत को देखते हुए काशी विश्वनाथ धाम में बाबा के लाइव दर्शन की व्यवस्था फिर से शुरू कर दी गई है। एक बार फिर से श्रद्धालु घर बैठे ही बाबा की पूजा-आरती के लाइव दर्शन कर सकेंगे। बता दें कि 6 महीने बाद यह व्यवस्था फिर से शुरू की गई है।
इसके लिए बाबा विश्वनाथ के श्रद्धालुओं को यूट्यूब की मदद लेनी होगी। मंदिर प्रशासन के अनुसार https://www.youtube.com/@ShriKashi Vishwanath लिंक पर क्लिक कर श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के लाइव दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने मीडिया को जानकारी दी कि पूर्व में बाबा के दरबार का लाइव प्रसारण टाटा स्काई द्वारा नि:शुल्क किया जाता था। इस सुविधा के माध्यम से श्रद्धालु घर बैठे बाबा विश्वनाथ का दर्शन आसानी से कर लेते थे, लेकिन किन्हीं कारणों से टाटा स्काई से अनुबंध समाप्त हो गया। इसी के बाद बीते साल के जून महीने में बाबा के दरबार का लाइव प्रसारण टाटा स्काई द्वारा बंद कर दिया गया था। फिलहाल जो व्यवस्था की गई है, उसे मंदिर न्यास द्वारा की गई है। अर्थात बाबा के श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने अपने संसाधनों के माध्यम से बाबा दरबार का लाइव प्रसारण पुनः शुरू कर दिया गया है।
मालूम हो कि द्वादश ज्योतिर्लिंग में से एक बाबा विश्वनाथ हैं और इनको लेकर भक्तों में अटूट श्रद्धा व विश्वास है। बाबा के ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था 6 माह बाद फिर से शुरू होने के बाद सनातन धर्म को मानने वालों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। इसके लिए बाबा विश्वनाथ के श्रद्धालुओं को यूट्यूब की मदद लेनी होगी। मंदिर प्रशासन के अनुसार https://www.youtube.com/@ShriKashi Vishwanath लिंक पर क्लिक कर श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ का लाइव दर्शन कर सकते हैं।
मालूम हो कि श्री काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण होने के बाद बाबा के दरबार के दर्शन को लेकर भक्तों में जबरदस्त क्रेज बढ़ा है। वर्ष 2023 के पहले दिन, अर्थात नए साल के पहले दिन यहां साढ़े पांच लाख से ज्यादा भक्तों ने हाजिरी लगाई और नए साल पर बाबा का आशीर्वाद लिया है। (Image Source @ShriVishwanath)