Lucknow News: सीएम योगी आवास के बाहर युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, भाजपा विधायक पर लगाए गम्भीर आरोप, खुद भी दे चुका है BJP MLA को जान से मारने की धमकी, देखें वीडियो

April 26, 2023 by No Comments

Share News

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां सीएम मुख्यमंत्री आवास के बाहर एक युवक ने आत्मदाह करने का प्रयास किया है. युवक का आरोप है कि उसे भाजपा विधायक प्रताड़ित कर रहे हैं. इसी वजह से उसने जान देने की कोशिश की. हालांकि हाल ही में उसने खुद ही भाजपा विधायक को जान से मारने की धमकी सोशल मीडिया पर दी थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.

उन्नाव के माखी का रहने वाला है युवक
मीडिया सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री (सीएम) आवास के पास आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवक ने अपना नाम आनंद मिश्र बताया है. वह मूल रूप से उन्नाव के माखी थाना के रनागढ़ी चकलवंसी का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि, उसने 21 अप्रैल को सोशल मीडिया पर विधायक बंबा लाल दिवाकर को गोली मारने की धमकी दी थी. इसी के बाद से मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसे तलाश कर रही थी, लेकिन वह किसी तरह से लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पहुंच गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक जैसे ही सीएम आवास पहुंचा उसने खुद को आग के हवाले कर दिया. जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक वह तेजी से जलने लगा, लेकिन गौतमपल्ली थाना पुलिस तत्काल उसके पास पहुंची और कम्बल डालकर आग बुझाई. इसके बाद तत्काल उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया.

ये दी थी धमकी
बताया जा रहा है कि, आनन्द ने सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल किया था और लिखा था कि “मैं महाकाल बाबा की सौगंध खाता हूं, मैं उनका भक्त हूं, जुलाई में हमारी गोली का निशाना बीजेपी विधायक बंबा लाल बनेंगे, यदि हमारे साथ इंसाफ हुआ तो सही है. यदि नहीं हुआ तो जुलाई में बंबा लाल विधायक पर शोक मनाना, ये महाकाल भक्त की चेतावनी है.”

युवक ने विधायक पर लगाया ये आरोप
वहीं अस्पताल में भर्ती युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. युवक ने अपना नाम आनंद मिश्रा बताते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र के दंबग विधायक की शह पर उसको प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसको लेकर थाना पुलिस से लेकर स्थानीय प्रशासन तक वह शिकायत लेकर गया लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी. इसी के बाद उसने यह घातक कदम उठाया.

देखें क्या बोले पुलिस अधिकारी
सीओ सफीपुर ऋिषी कांत शुक्ल ने मीडिया को बताया कि, युवक ने सोशल मीडिया के साथ ही एसपी के पीआरओ को फोन पर भी विधायक को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. उसने धमकी देने का कारण नहीं बताया था. जांच में सामने आया है कि उसका 2021 में एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उसका कहना है कि मेरी मदद नहीं की गई थी, जिससे वह आहत है. वहीं एक मारपीट मामले में भी उसकी सुनवाई नहीं हुई थी. उसके परिजनों से संपर्क किया गया था, लेकिन इसी बीच उसने मोबाइल फोन बंद कर दिया था. फिलहाल पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. (फोटो सोशल मीडिया)