Ayodhya Ram Mandir: जनवरी में इन तीन तारीख में राम मंदिर में होगा प्राण प्रतिष्ठा का भव्य कार्यक्रम, पहुंचने वाले 75 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को मिलेगा फ्री में भोजन

August 5, 2023 by No Comments

Share News

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में भगवान श्री राम की नगरी में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जमकर तैयारी की जा रही है. एक ओर जहां राम मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है तो वहीं राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर भी लगातार तैयारी जोरों पर है. अब तो प्राण-प्रतिष्ठा की फाइनल तारीख भी सामने आ गई है. जनवरी-2024 की 21, 22 और 23 तारीख को फाइनल घोषित कर दिया गया है. कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्योता भेज दिया गया है.

फाइल तारीख की जानकारी को लेकर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को पूरी जानकारी दी और बताया कि, ‘‘राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह अगले साल जनवरी के तीसरे सप्ताह में होगा. 21, 22 और 23 जनवरी की तारीखें कार्यक्रम के लिए तय की गई हैं. अभिषेक समारोह में आने वाले भक्तों को करीब एक महीने तक मुफ्त भोजन उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है. जनवरी में होने वाले कार्यक्रम के अवसर पर ट्रस्ट की ओर से एक महीने तक रोजाना 75 हजार से एक लाख भक्तों को भोजन कराया जाएगा.” बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने पांच अगस्त 2020 में राम मंदिर का ‘भूमि पूजन’ किया था और इसी के बाद से निर्माण कार्य जारी है. तो वहीं प्राण-प्रतिष्ठा में यजमान की भूमिका के लिए प्रधानमंत्री को न्योता भेजा गया है.

शामिल होंगे 25 हजार से अधिक धर्मगुरु
महासचिव चंपत राय ने कार्यक्रम को लेकर आगे जानकारी दी कि, ‘‘हम इस समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित करेंगे, जिसमें प्रमुख साधु और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे. मुख्य कार्यक्रम गैर-राजनीतिक होगा और विभिन्न राजनीतिक दलों के मेहमानों को भी आमंत्रित किया जाएगा, बशर्ते वे आने का इरादा रखते हों. कार्यक्रम में कोई मंच नहीं होगा और न ही कोई सार्वजनिक बैठक आयोजित की जाएगी. इस कार्यक्रम में देश के 136 सनातन परंपराओं के 25 हजार से अधिक धर्मगुरुओं को आमंत्रित करने की योजना तैयार की जा रही है. कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने वाले संतों की सूची भी तैयार की जा रही है. जल्द ही सभी संतों को ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तरफ से निमंत्रण पत्र भेजा जाएगा.” उन्होंने बताया कि, ये 25 हजार संत 10 हजार विशिष्ट अतिथियों से अलग होंगे जो राम जन्मभूमि परिसर के अंदर अभिषेक समारोह में शामिल होंगे.

ठहरने की ये रहेगी व्यवस्था
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कार्यक्रम और अतिथियों के ठहरने को लेकर पूरी रणनीति की जानकारी दी और कहा कि, ”ट्रस्ट ने सभी प्रमुख संतों को अयोध्या के बड़े मठों में ठहराने की योजना बनाई है. सभी बड़े मठ और मंदिर आने वाले संतों और साधुओं को ठहरने की सुविधा देने पर सहमत हो गए हैं. लगभग एक महीने तक चलने वाले इस भव्य आयोजन के प्रबंधन को संभालने के लिए अयोध्या के विभिन्न संतों के कई समूह बनाए जाएंगे. इस मौके पर मंदिर ट्रस्ट के न्यासी अनिल मिश्रा ने कहा कि, ‘राम मंदिर के गर्भगृह का कार्य पूरा होने वाला है. अब जनवरी महीने में प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया जाएगा. इसको लेकर तैयारी तेज कर दी गई है तो वहीं मंदिर का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए भी दिन-रात कर्मचारी काम कर रहे हैं.