दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक…VIP गेट का बैरियर तोड़कर अंदर घुसी कार; गुलदस्ता रखकर फरार आरोपी गिरफ्तार-Video

April 6, 2026 by No Comments

Share News

Delhi Assembly Security Lapse: दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक की खबर सामने आ रही है. सोमवार को उत्तर प्रदेश नंबर की एक सफेद रंग की कार विधानसभा के गेट नम्बर दो पर लगे बैरियर को तोड़कर विधानसभा परिसर में घुस गई. बड़ी बात ये है कि कार के अंदर बैठा एक नकाबपोश कार से नीचे उतरता है और एक गुलदस्ता विधानसभा परिसर में रखकर वापस लौट जाता है और इतनी देर तक सुरक्षाकर्मी क्या कर रहे थे? इसको लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं.

हालांकि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और इस घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है. पुलिस ने आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में ले कर पूछताछ कर रही है. दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी के मुताबिक “कार चालक विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गया और पोर्च के पास फूलों का एक गुलदस्ता रखकर वापस लौट गया.” बता दें कि उस वक्त विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय में ही थे.

यह घटना उस वक्त हुई है जब हाल ही में बजट सत्र सम्पन्न हुआ है और इस दौरान विधानसभा को बम की धमकी भरा संदेश भी मिला था. इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं. मालूम हो कि विधानसभा के गेट नंबर-2 यानी कि वीआईपी गेट को तोड़ते हुए आरोपी अंदर दाखिल हुआ था. यहां से वीआईपी का आना-जाना लगा रहता है.

घटना के वक्त गेट पर थी सीआरपीएफ की तैनाती

बता दें कि घटना के वक्त गेट पर सीआरपीएफ तैनात थी फिर भी आरोपी बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुस गया और न केवल घुसा बल्कि इत्मीनान से उसने विधानसभा स्पीकर के दफ्तर के पास फूलों का गुलदस्ता रखा और कुछ कागज रखे. इतनी देर में भी कोई सुरक्षाकर्मी मौके पर आरोपी को नहीं पकड़ सका. आरोपी आराम से कार लेकर गेट नंबर-2 से ही भागने में कामयाब हो जाता है.

आरोपी के चेहरे पर नकाब था और वह दोपहर करीब 2 बजकर 5 मिनट पर विधानसभा के अंदर कार लेकर घुसा और अपना काम करके फरार होने में भी कामयाब रहा.

वह सफेद रंग की टाटा सिएरा गाड़ी से आया था जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी का था और गाड़ी का नंबर UP26AZ8090 बताया जा रहा है. आरोपी बाहर निकलने के बाद गाड़ी को दिल्ली यूनिवर्सिटी की तरफ जाते हुए देखा गया था. हालांकि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के सहारे गाड़ी को बरामद कर ली है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तो वहीं मौके पर पहुंचकर बॉम्ब स्क्वॉड ने गुलदस्ते की जांच की हालांकि कोई विस्फोटक या संदिग्ध चीज गुलदस्ते में नहीं मिली. हालांकि मौके पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है लेकिन सवाल ये है कि अगर वह कार में कोई विस्फोटक लाता तो? दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा और स्पेशल सेल के कमिश्नर अनिल शुक्ला विधानसभा में मौजूद हैं.

घटना के वक्त कहां थे स्पीकर?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के वक्त विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता अपने दफ्तर में ही मौजूद थे और इस घटना से ठीक पहले दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने शिक्षा विभाग के दफ्तर का दौरा भी किया था, जो कि विधानसभा परिसर के अंदर ही है फिर वह अपने ऑफिस में लौट आए थे और कुछ कार्य कर रहे थे.

ये भी पढ़ें-पोते की थार से कुचल कर दादी की मौत…परिजनों ने साधी चुप्पी- VIDEO