Delhi News: लाल किले के पास तेज धमाका… उड़े चीथड़े; 8 की मौत, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई आंखों देखी; पूरे देश में अलर्ट, वाहनों की सघन चेकिंग-Video

November 10, 2025 by No Comments

Share News

Delhi Red Fort: मध्य दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां लाल किला इलाके में एक जोरदार धमाका होने के बाद चौतरफा आग दिखाई दे रही है. धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनने की बात कही जा रही है. खबरों के मुताबिक, तीन गाड़ियों में भीषण आग लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए विस्फोट को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की है और NSG, NIA और फोरेंसिक विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं है व मामले की जांच में जुट गई है. तो वहीं घटना के संबंध में गृह मंत्री IB निदेशक के साथ लगातार संपर्क में हैं और जांच जारी है.

दूसरी ओर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने पूरे देश में हाई अलर्ट जारी कर दिया है. हवाई अड्डे, दिल्ली मेट्रो, विरासत स्थल, सरकारी भवन और इसके सुरक्षा घेरे में आने वाले अन्य प्रमुख प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है.

तो वहीं खबर सामने आ रही है कि घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है और 7 लोग घायल हो गए हैं. सूत्रों के मुताबिक, विस्फोट के कारण चार से पांच घायलों को एलएनजेपी अस्पताल लाया गया है. धमाका एक इको वैन (Eco Van) में हुआ था. इस घटना के बाद से ही पूरे देश में अलर्ट जारी कर दिया गया है और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है. उत्तर प्रदेश से लेकर तमिलनाडु, बिहार के पोलिंग इलाकों के साथ ही गुजरात सहित पूरे देश के सभी राज्यों में वाहनों आदि की जांच तेज कर दी गई है.

धमाका लाजपत राय मार्केट में हुआ है. बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि लाल जैन मंदिर और आसपास की दुकानों के शीशे भी टूट गए तो वहीं धमाके का एक हिस्सा पास की एक दुकान में जाकर गिरा जिससे अफरा-तफरी मच गई है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में घटना स्थल पर भयानक आग दिखाई दे रही है और लोग सड़कों पर भागते हुए दिख रहे हैं.

दिल्ली अग्निशमन विभाग की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में विस्फोट होने की सूचना मिली थी और इसी के बाद 3 से 4 वाहनों में भी आग लग गई और उन्हें नुकसान पहुंचा है.

nbsp;

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौके पर पुलिस अधिकारी मौजूद हैं और धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट्स जांच कर रहे हैं.

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बयान जारी करते हुए बताया है कि धमाके के तुरंत बाद कई गाड़ियों को आग ने चपेट में ले लिया. हालांकि फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और उसे मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार और आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक दिया है. पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया है. तो वहीं दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है.

कार में हुआ था धमाका

पुलिस ने बयान जारी करते हुए बताया है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक खड़ी कार में धमाका हुआ था, जिससे आस-पास की गाड़ियों में भी आग लग गई. फिलहाल अधिकारी किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रहे हैं और हर एंगल से इस घटना की जांच की जा रही है. इस घटना के बाद दिल्ली भर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है साथ ही राजधानी में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई पूरी घटना

सोशल मीडिया पर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी वायरल हो रहे हैं. न्यूज एजेंसी पीटीआई को एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ‘मैं गुरुद्वारे में था जब मैंने एक तेज आवाज सुनी. हम समझ ही नहीं पाए कि वह क्या थी, वह इतनी तेज थी. आस-पास खड़े कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.’

तो वहीं धमाके के बाद स्थानीय निवासी राजधर पांडे का बयान भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह बता रहे हैं कि उन्होंने अपने घर से आग की लपटों को देखा और फिर नीचे आकर देखा कि क्या हुआ है.

उन्होंने कहा कि घटनास्थल से ज़ोरदार धमाके की आवाज आई. मैं पास में ही रहता हूं.

ऐसा लगा कि मानो कोई बड़ी चीज फटी हो. उन्होंने ये भी कहा कि धमाका इतना तेज था कि खिड़की-दरवाजे तक हिल गए. तो वहीं जीशान नाम के शख्स ने पीटीआई को बताया कि वह धमाके वाली कार के पीछे ही चल रहे थे. पता नहीं कार में बम था या क्या, बताया नहीं जा सकता. इरफान ने बताया कि देखा कि तेज धमाका हुआ है और फिर देखा कि एक इंसान का हाथ पड़ा हुआ है और चीथड़े उड़ चुके हैं.

मालूम हो कि लाल किला का क्षेत्र दिल्ली का सबसे अधिक व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाकों में शामिल है. लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नम्बर एक के पास खड़ी कार में विस्फोट हुआ है. इस विस्फोट के बाद आसपास खड़ी तीन से चार गाड़ियों में भी भीषण आग लग गई. सोशल मीडिया पर घटनास्थल के ताजा वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें स्पष्ट देखा जा सकता है कि कार किस तरह से जलकर राख हो चुकी है. तो वहीं बलबीर नाम के एक प्रत्यक्षर्शी ने पीटीआई को बताया कि हादसा करीब 7 बजे हुआ. उसने बताया कि वह अपनी गाड़ी में अकेला बैठा फोन चला रहा था.

विशेषज्ञों की राय

इस घटना को लेकर जहां विशेष टीम जांच में जुटी है तो वहीं इसको लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह सिर्फ बैटरी ब्लास्ट की घटना होती तो असर इतना व्यापक नहीं होता. इसलिए अब जांच टीम अन्य संभावनाओं जैसे कि विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ की मौजूदगी को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. बता दें कि पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद है. तो वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली के पुलिस अधिकारियों से बात की है और जांच को जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया है.

तमिलनाडु में वाहनों की चेकिंग करती पुलिस टीम

यूपी के प्रयागराज में सघन चेकिंग

ये भी पढ़ें-आंध्र प्रदेश के मंदिर में भगदड़ से 9 की मौत… इधर-उधर बिखरीं लाशों और चीख-पुकार के दिल दहला देने वाले Videos वायरल