Healthy Life Style:क्या आपको खड़े-खड़े भोजन करने की है आदत, तो बदल लें तुरंत, 5 बड़े नुकसान के हो सकते हैं शिकार, देखें क्या बता रहे हैं आयुर्वेदाचार्य
अगर आपको खड़े-खड़े भोजन करने की आदत है तो इसे तुरंत बदल लें। इससे आपकी सेहत को कई बड़े नुकसान से भी गुजरना पड़ सकता है। इस सम्बंध में इस लेख में आपको जानकारी दे रहे हैं हमारे आयुर्वेदाचार्य रोहित यादव और आपको सलाह दे रहे हैं कि खड़े हो कर भोजन बिल्कुल भी न करें। अगर किसी पार्टी में भी जाते हैं तो कोशिश करें की खाना बैठकर ही खाएं। हमारी प्राचीन पद्धति में जो नियम भोजन करने के बनाए गए थे वही सही हैं।
आपको ये हो सकते हैं नुकसान
खड़े होकर खाना, सबसे पहले तो आपको आराम का अहसास नहीं कराता। दूसरे आप जितना भी खाना खाते हैं, इससे अंदाजा नहीं लगा पाते कि आपने भूख से ज्यादा खाया है या कम। इसके अलावा बैठ कर खाने जितना आनंद और संतुष्टी भी नहीं मिलती। जबकि भोजन के मामले में आत्मसंतुष्टि मिलना सेहत और मन को काफी राहत पहुंचाता है और इस प्रक्रिया से सेहत को काफी फर्क पड़ता है।
खड़े होकर खाने का दूसरा बड़ा नुकसान है सही पाचन न होना। जी हां, इससे आपका पाचन तंत्र सही तरीके से काम नहीं कर पाता और आपकी पाचन शक्ति भी कमजोर होती है। अगर आप यही काम रोजाना या हफ्ते में दो से चार बार करते हैं तो समझिए कि धीरे-धीरे आप पेट की एक बड़ी समस्या की तरफ जा रहे हैं।
जैसा कि ऊपर बताया कि पाचन नहीं होता, ऐसी स्थिति में अपच के साथ कब्ज की समस्या हमेशा बनी रहती है, जिससे पेट सम्बंधी तमाम बीमारियां धीरे-धीरे इंसान को जकड़ लेती हैं।
आपकी एकाग्रता में कमी का एक बड़ा कारण हो सकता है खड़े होकर खाना। जी हां, यह आदत आपके फोकस को कमजोर कर एकाग्रता में कमी लाती है और इसका असर आपके मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है, जो कि सेहत के लिए ठीक नहीं है। इससे मोटापा बढ़ने का भी खतरा बना रहता है।
खड़े होकर खाना, आंतों के लिए भी नुकसानदायक है। रोजाना की ये आदत आंतों के सिकुड़ने का कारण बन सकती हैं जिससे सेहत की अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं। इन बातों का ध्यान रखते हुए खड़े होकर भोजन करना जल्द से जल्द बंद कर दें।
(फोटो-सोशल मीडिया)