Kanpur: मुख्य विकास अधिकारी की “परीक्षा” में फेल हुए बेसिक शिक्षा के टीचर्स, कार्रवाई के निर्देश, देखें स्कूलों के नाम, जनपद के सभी BEO, SRG, ARP को दिए ये जरूरी निर्देश
कानपुर। गुरुवार को कानपुर के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ने बेसिक शिक्षा के कुछ परिषदीय स्कूलों को औचक निरीक्षण किया और शिक्षकों से निपुण लक्ष्यों के बारे में पूछा। इस पर शिक्षक सही उत्तर नहीं दे सके। इस दौरान विद्यार्थियों से भी पूछे गए सवालों के सही उत्तर नहीं मिले। इस पर सीडीओ ने शिक्षकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी कानपुर नगर, सुधीर कुमार ने कल्याणपुर विकासखंड के 2 विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय सम्भरपुर में अवस्थापना सुविधाओं से संबंधित कार्यों को देखा विद्यालय में दिव्यांग शौचालय तथा बालक मूत्रालय का निर्माण कार्य प्रारंभ मिला।
मुख्य विकास अधिकारी कानपुर नगर द्वारा समस्त कक्षाओं में जाकर डीबीटी एमडीएम तथा निपुण लक्ष्य के संबंध में बच्चों एवं शिक्षकों से जानकारी प्राप्त की जिसमें कक्षा 2 के बच्चे निर्धारित निपुण लक्ष्यों के अनुसार उत्तर नहीं दे पाए तथा लक्ष्यों के बारे में शिक्षकों द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया तत्पश्चात दूसरे विद्यालय संविलियन विद्यालय हिंदूपुर में भी निरीक्षण किया गया। जिसमें अवस्थापना संबंधी सुविधाओं से विद्यालय को संतृप्त पाया गया।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रत्येक कक्षा कक्ष में बच्चों एवं शिक्षकों से डीबीटी एमडीएम तथा निपुण लक्ष्यों पर जानकारी प्राप्त की, कक्षा 2 के बच्चे निर्धारित निपुण लक्ष्य से भिज्ञ पाए गए परंतु कक्षा 3 के बच्चे निर्धारित लक्ष्यों मे अपनी दक्षता सिद्ध नहीं कर पाए। विद्यालय के शिक्षक भी निपुण लक्ष्यों के बारे में संतुष्ट जानकारी नहीं दे पाए। इस पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उक्त विद्यालयों के समस्त स्टाफ एवं एआरपी तथा खंड शिक्षा अधिकारी कल्याणपुर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश प्रदान किए एवं साथ ही जनपद के सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी/एसआरजी/एआरपी को निर्देशित किया गया कि निपुण लक्ष्यों को याद कर उनका क्रियान्वयन कराना सुनिश्चित करें ।