Lucknow: हनी ट्रैप गिरोह के चंगुल में फंसा व्यापारी, न्यूड वीडियो कॉल कर किया ब्लैकमेल, पुलिस कर्मी बताकर मांगे 50 हजार

October 24, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सीतापुर रोड के पास रहने वाले एक व्यापारी हनी ट्रैप गिरोह के चंगुल में फंस गए हैं। इस सम्बंध में उन्होंने मड़ियांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। व्यवसायी के मुताबिक उनको आधी रात को एक वीडियो कॉल आई। फोन रिसीव करते ही दूसरी ओर स्क्रिन पर न्यूड युवती दिखी। यह देखते ही उन्होंने फोन काट दिया, लेकिन इसी के तुरंत बाद एक युवक ने फोन कर खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की है।

इस पूरे मामले को लेकर इंस्पेक्टर मड़ियांव अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित व्यापारी के मुताबिक गत 16 अक्टूबर को आधी रात एक वीडियो कॉल उनके मोबाइल पर आयी। फोन रिसीव किया तो सामने वाली युवती ने बताया कि वह प्रिया बोल रही है। इसके बाद वह नग्न हो गई। इस पर घबराकर फोन काट दिया।

कुछ देर बाद एक युवक का फोन आया। उसने खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिस कर्मी बताकर धमकी दी और कहा कि अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और उनके घरवालों को भेज देगा। अगर इससे बचना है तो 50 हजार रुपये दो। इस पर व्यापारी ने रुपए देने से इंकार कर दिया, लेकिन फिर भी व्यापारी को डरा धमका कर एक पेटीएम में 2500 हजार रुपये उनसे ले लिया। इसके बाद फिर उसने फोन कर रुपयों की डिमांड की। विरोध पर फिर से धमकी दी और वीडियो वायरल करने की बात कही। इस पर व्यापारी मानसिक रूप से परेशान हो गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि मोबाइल नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।