Lucknow University: विज्ञान और होम्योपैथी को आगे बढ़ाने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय ने उठाया ये बड़ा कदम
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग और सीसीआरएच के बीच सहयोगात्मक अनुसंधान के माध्यम से विज्ञान और होम्योपैथी को आगे बढ़ाने के लिए एमओयू साइन किया गया है. विश्वविद्यालय के अंतर्गत अनुसंधान और संसाधन साझाकरण के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ और केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के मध्य समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया।
संयुक्त समझौता ज्ञापन के माध्यम से वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, औषध विषय, आण्विक जीवविज्ञान, भेषज विज्ञान फार्माकोग्नॉसी, जैव प्रौद्योगिकी एवं होम्योपैथी आदि, सहित अंतःविषय विज्ञान में संयुक्त पीएचडी अनुसंधान कार्यक्रम, शोध प्रबंध कार्यक्रम आदि परिषद के साथ आरंभ होंगे तथा सहयोगात्मक संबंध स्थापित करने के लिए पारस्परिक लाभकारी कार्य करने को बढ़ावा मिलेगा।
समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर समारोह की अध्यक्षता लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. मनुका खन्ना तथा केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के महानिदेशक डॉ. सुभाष कौशिक ने की। शिष्टाचार भेंट के दौरान पारस्परिक सहयोगात्मक अध्ययन हेतु विभिन्न विन्दुओं पर चर्चा की गयी। समझौता ज्ञापन का समन्वयन परिषद द्वारा डॉ.दिग्विजय वर्मा, अनुसंधान अधिकारी वैज्ञानिक-I (नोडल अधिकारी औषधि मानकीकरण), सीसीआरएच, नई दिल्ली, तथा लखनऊ विश्वविद्यालय की तरफ से प्रो. गौरी सक्सेना, विभागाध्यक्ष वनस्पति विज्ञान द्वारा किया गया।
समझौते के दौरान डॉ. सुनील एस रामटेके, उप महानिदेशक, डॉ शाजी कुमार आर टी, अनु. अधिकारी/वै-IV, डॉ पंकज गुप्ता, सहायक निदेशक (औ.), शकील अहमद, सलाहकार इत्यादि उपस्थित रहे।