Pakistani Drone: भारतीय सीमा में घुसा पाकिस्तानी ड्रोन, पंजाब में गिराई नशे की खेप, BSF जवानों ने की फायरिंग तो लौटा पाकिस्तान, देखें कितने किलो मिली हेरोइन
पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। शनिवार देर रात एक बार फिर पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय क्षेत्र में घुसा और नशे की खेप गिराने लगा। इस पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने फायरिंग की तो वह पाकिस्तान लौट गया। इसके बाद रविवार को जब सुबह जवानों ने सर्च अभियान चलाया तो सीमांत गांव धनोआ के एक खेत से हेरोइन की खेप बरामद हुई। इसका वजन सवा तीन किलो बताया जा रहा है। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल के जवान और पंजाब पुलिस ने मिलकर इलाके में देर शाम तक सर्च अभियान चलाया।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक सीमा सुरक्षा बल के जवान घरिंडा थानाक्षेत्र में शनिवार की रात सीमा पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान जवानों ने सीमा निगरानी चौकी (बीओपी) रतन खुर्द इलाके में पाकिस्तान से एक ड्रोन आने की आवाज सुनी। जवानों ने तुरंत फायरिंग की तो ड्रोन वापस पाकिस्तान चला गया। इसके बाद जवानों ने दिन निकलने पर पुलिस के साथ मिलकर पूरे इलाके को घेर लिया और सर्च अभियान शुरू किया।
इस दौरान सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस के जवानों ने सीमांत गांव धनोआ के एक खेत से काले रंग के प्लास्टिक के टेप में लिपटा एक पैकेट बरामद किया। पैकेट को खोलकर जांच करने पर उसके अंदर से हेरोइन के तीन पैकेट प्राप्त हुए। इनका वजन करीब सवा तीन किलो है। फिलहाल सुरक्षा बल संदेह जता रहे हैं कि ड्रोन ने हेरोइन के साथ हथियार भी गिराए होंगे। पुलिस ने गांव के कुछ लोगों से पूछताछ भी की। मामले में छानबीन जारी है।