UP Crime News: यूपी की राजधानी में गाय का कटा सिर मिला बीच सड़क, इलाके में मचा हंगामा, वायरल हुआ वीडियो, हिंदू संगठनों ने की नारेबाजी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश (UP) की राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम बी ब्लाक में उस वक्त हंगामा मच गया, जब यहां स्थित रायल कांसा बैंक्वेट हाल के सामने रविवार सुबह गाय का कटा हुआ सिर बीच सड़क मिली। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और फिर कटे सिर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इसके बाद कुछ हिंदू संगठन भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा व नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का आरोप है कि कुछ अराजकतत्व शहर का माहौल खराब करने के लिए इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया है। हंगामें की सूचना के बाद एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसीपी बाजारखाला सुनील कुमा शर्मा समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
मौके पर विरोध प्रदर्शन कर रहे अंतरराष्ट्रीय हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुमार शुक्ला व उनके कार्यकर्ताओं के साथ ही स्थानीय लोगों को भी समझाकर पुलिस ने शांत कराया तो वहीं अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी और उनके कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। इंस्पेक्टर बाजारखाला रिकेश कुमार सिंह और पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंचकर पूरी घटना की छानबीन की और घटनास्थल की ओर जाने वाले सीसी कैमरों की छानबीन की तो मालूम हुआ कि एक गाय का बछड़ा शनिवार शाम रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से कट गया था। जिसकी गर्दन कुत्ते उठाकर सड़क पर बैंक्वेट हाल के पास डाल गए थे। लोगों को समझाकर शांत किया गया है। फिलहाल पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।