भारत को मिला पहला पैरा पिकल बॉल खिलाड़ी…शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय के शिक्षक विवेक सिंह ने रचा इतिहास
Shakuntala Mishra National Rehabilitation University: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित साई सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस (मॉडर्न एकेडमी) में तृतीय पैरा स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन हुआ जिसमें डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (Shakuntala Mishra National Rehabilitation University) के शिक्षक विवेक सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया.
शिक्षा शास्त्र विभाग में गेस्ट फैकल्टी के रूप में कार्यरत विवेक सिंह ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की क्लास सेवन (Class 7) श्रेणी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है. चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों से लगभग 45 पैरा खिलाड़ियों ने भाग लिया. विवेक सिंह की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ गया है.
बने भारत के पहले पैरा पिकल बॉल प्लेयर
विवि प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने दावा करते बताया कि विवेक सिंह ने टेबल टेनिस के साथ-साथ पिकल बॉल खेल में भी पहली बार भाग लेकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वह इस खेल में हिस्सा लेने वाले पूरे भारत के पहले पैरा पिकल बॉल प्लेयर बन गए हैं। प्रतियोगिता के समापन पर उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के महासचिव अरुण बनर्जी और इंटरनेशनल अंपायर अमित सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पदक व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। विवेक सिंह की सफलता पर कुलपति आचार्य संजय सिंह, विवि के खेल निदेशक प्रो. राजीव नयन पांडेय, शिक्षा शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र सिंह यादव समेत पूरे विवि परिवार ने बधाई दी।
पेश की है मिसाल
कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि “विवेक सिंह ने न केवल पैरा टेबल टेनिस में पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि पिकल बॉल जैसे उभरते खेल में देश के पहले पैरा खिलाड़ी बनकर एक नई मिसाल भी पेश की है। यह उपलब्धि हमारे दिव्यांगजनों की क्षमता, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। हम सदैव ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते रहेंगे, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकें।”
ये भी पढ़ें-बाल कन्हैया और मां यशोदा की इस पेंटिंग ने रचा नया इतिहास…बिकी इतने करोड़ में कि चौंक गए बड़े-बड़े कलाकार