UP:बेसिक शिक्षा विभाग ने लिपिक का समझा दर्द, दे दिया अवकाश, रूठी पत्नी को मायके से वापस लाने के लिए लिपिक ने लिखा था मजेदार पत्र, पढ़ें वायरल पत्र और देखें कितने दिन का मिला अवकाश
सोशल मीडिया पर अवकाश प्रार्थना पत्र के वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग कानपुर ने लिपिक शमशाद अहमद को बुधवार को अवकाश दे दिया है। मंगलवार को उनका अनोखा अवकाश प्रार्थना पत्र सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इस पत्र में बेसिक शिक्षा विभाग कानपुर के लिपिक शमशाद अहमद, कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम नगर कानपुर ने खंड शिक्षाधिकारी प्रेम नगर कानपुर उत्तर प्रदेश (UP) से तीन दिन का अवकाश मांगा था और लिखा था कि पत्नी प्यार-मोहब्बत की बात से नाराज होकर मायके चली गई है।

फिलहाल लिपिक का दर्द समझते हुए खंड शिक्षाधिकारी प्रेमनगर कानपुर, दीपक अवस्थी ने 4 अगस्त से लेकर 6 अगस्त तक का आकस्मिक अवकाश स्वीकार कर लिपिक को स्टेशन छोड़ने की अनुमति दे दी है।

देखें क्या लिखा था पत्र में
लिपिक ने अपने अवकाश पत्र में लिखा था कि अवकाश के सम्बंध में आपके संज्ञान में लाना है कि पत्नी से प्यार-मोहब्बत की बात को लेकर कुछ तकरार हो गई। इस पर पत्नी बड़ी बेटी और उसके दो बच्चों को लेकर रुष्ट होकर मायके चली गई है, जिसके कारण प्रार्थी मानसिक रूप से काफी आहत है। उसे मायके से मनाकर लाने के लिए गांव जाना पड़ रहा है। अत: आपसे निवेदन है कि प्रार्थी को दिनांक 4.8.2022 से 6.8.2022 तक आकस्मिक अवकाश स्वीकार करने के साथ ही स्टेशन छोड़ने की अनुमति प्रदान करने की कृपा करें।