UP News:मुस्लिम शिक्षिकाओं का वेतन रोकने की संस्तुति करने वाले BEO पर होगी कड़ी कार्यवाही, MLC आशुतोष सिन्हा ने की प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा से शिकायत, लिखा लम्बा-चौड़ा पत्र, पढ़ें पूरा वायरल लेटर, हलषष्ठी व्रत पर अवकाश लेने का मामला

August 20, 2022 by No Comments

Share News

वाराणसी/लखनऊ। हलषष्ठी व्रत के दिन हिंदू शिक्षिकाओं के साथ ही मुस्लिम शिक्षिकाओं के अवकाश पर चले जाने के कारण वेतन रोकने की संस्तुति करने वाले प्रयागराज के खंड शिक्षाधिकारी (BEO) शशांक शुक्ला का संकट कम होते नहीं दिखाई दे रहा है। अब उनके खिलाफ एमएलसी स्नातक खण्ड वाराणसी आशुतोष सिन्हा ने प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ से शिकायत कर दी है। इसके लिए सिन्हा ने एक लम्बा-चौड़ा पत्र लिखते हुए बीईओ पर समाज में धर्म-जाति के नाम पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया है।

सिन्हा ने स्पष्ट लिखा है कि जब ईद पर केवल मुस्लिम समाज नहीं बल्कि सभी के लिए अवकाश घोषित रहता है तो फिर हलषष्ठी पर केवल हिंदू शिक्षिकाएं ही अवकाश पर क्यो रहें। खंड शिक्षाधिकारी ने मुस्लिम शिक्षिकाओं के खिलाफ कार्यवाही की संस्तुति कर के देश की एकता एवं अखण्डता पर प्रत्यक्ष रूप से कुठाराघात किया है। ऐसी मानसिकता के अधिकारियों पर कार्यवाही होनी चाहिए। पत्र के अंत में एमएलसी सिन्हा ने लिखा है कि धार्मिक आधार पर शिक्षिकाओं का वेतन रोकने वाले अधिकारी पर कठोर कार्यवाही करते हुए वेतन रोकने सम्बंधित आदेश के निरस्तीकरण के लिए अपने आधीनस्थों को निर्देशित कर अनुपालन आख्या से अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराने का कष्ट करें। बता दें कि लेटर की प्रतिलिपि जिलाधिकारी वाराणसी को भी भेजी गई है।

जानें क्या है पूरा मामला

17 अगस्त 2022 को हलषष्ठी व्रत (ललही छठ) था, जो कि हिंदुओं का पर्व है और इस दिन हिंदू महिलाएं इस व्रत को रखती हैं। इस दिन बेसिक शिक्षा परिषद के सभी परिषदीय स्कूलों की महिला टीचर्स का अवकाश विभाग की ओर से घोषित किया गया है। इस वजह से 17 अगस्त को हिंदू शिक्षिकाओं के साथ ही मुस्लिम शिक्षिकाएं भी अवकाश पर रहीं। इस बीच उत्तर प्रदेश के वारणसी जिले के चिरई गांव के प्राथमिक स्कूल से खबर सामने आई कि निरीक्षण पर पहुंचे खंड शिक्षाधिकारी शशांक शुक्ला ने अवकाश पर रहने के कारण दो मुस्लिम शिक्षिकाओं का वेतन रोकने की संस्तुति कर दी।

इसके बाद राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ वाराणसी ने विरोध किया तो जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अरविंद पाठक ने बीईओ को फटकार लगाई। इस पर बीईओ ने माफी मांगकर कार्यवाही वापस ले ली थी, लेकिन यह गलत निर्णय ले लेने के कारण बीईओ पर कोई कार्यवाही विभाग द्वारा नहीं की गई, जबकि विभाग द्वारा हरितालिका तीज अथवा तीजा, करवाचौथ, संकठा चतुर्थी, हलषष्ठी, जीउतिया व्रत और अहोई अष्टमी पर केवल शिक्षिकाओं और बालिकओं को अवकाश दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इसका खुलासा एक आरटीआई में भी हुआ है। ऐसे में विभाग द्वारा बीईओ को सम्बंधित नियम की जानकारी न होने और गलत तरीके से कार्यवाही किए जाने का निर्णय लिए जाने के बावजूद उन पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। इसी पर एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने पत्र लिखकर प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा से कार्यवाही की मांग की है।

पढ़ें आशुतोष सिन्हा का पूरा पत्र

पढ़ें RTI