Kanpur: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडे गुट के संरक्षक श्रीकांत द्विवेदी के निधन से शिक्षकों में शोक की लहर…इतने बजे होगा अंतिम संस्कार
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के जाने-माने शिक्षक नेता व उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडे गुट के पुरोधा श्रीकांत द्विवेदी के आकस्मिक निधन से शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई है. शिक्षकों की समस्या का समाधान कराने के लिए वह हमेशा खड़े रहते थे. वह जुझारू नेता थे. उनके दो बेटे शैलेंद्र द्विवेदी व गौरव द्विवेदी हैं और भरा-पूरा परिवार है.
उनके बड़े बेटे उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडे गुट के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ शैलेंद्र द्विवेदी हैं. शैलेंद्र द्विवेदी भी अपने पिता की ही भांति शिक्षकों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए दिन-रात जुटे रहते हैं और अपने पिता के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं.
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) कानपुर नगर के जिलामंत्री राहुल मिश्रा व राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष चंद्रदीप सिंह यादव ने कहा कि शिक्षक परिवार जिसका मंदिर था, स्नेह जिसकी शक्ति थी, परिश्रम जिसका कर्तव्य था, परमार्थ जिसकी भक्ति थी, ऐसी आत्मा को ईश्वर शांति प्रदान करें।
दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। इसी के साथ ही अन्य शिक्षकों व शिक्षक नेताओं ने भी उनको श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और कानपुर स्थित उनके घर पर पहुंच रहे हैं.
इतने बजे होगा अंतिम संस्कार
बता दें कि श्रीकांत द्विवेदी उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के संरक्षक होने के साथ ही वह पूर्व प्रदेश महामंत्री, पूर्व शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी भी रहे. वह हमेशा शिक्षक एमएलसी के चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी को कड़ी टक्कर देते रहे. तो वहीं उनकी हार का अंतर भी मात्र कुछ ही वोट होते थे. वह शिक्षकों के बीच काफी लोकप्रिय थे. शिक्षकों के बीच ऐसी चर्चा हमेशा रही कि उनके चुनाव हारने का कारण उनके अपने ही रहे. वह पूर्व शिक्षक डीएमयू इंटर कॉलेज गोविंद नगर थे. 74 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ है. वह कई दिनों से अस्वस्थ्य थे और उनका इलाज चल रहा था. अंतिम यात्रा उनके निवास 3A/31 आजाद नगर पुराना पीएनबी चौराहा से भैरव घाट के लिए प्रातः 11 बजे प्रस्थान करेगी।
ये भी पढ़ें-Mayawati: कांग्रेस के बाद भाजपा…मायावती ने बोला तीखा हमला; चुनाव आयोग से की ये अपील-Video