Uttarakhand: सावन के दूसरे सोमवार पर प्रदोष का संयोग मिलने से लाखों कांवड़िया पहुंचे हरिद्वार, वीडियो हुआ वायरल, देखें श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम
भोले बाबा के दर्शन करने और मां गंगा के चरण छूने के लिए देश भर के कांवड़िया उत्तराखंड की पावन नगरी हरिद्वार पहुंचे हैं। मान्यता है कि सावन के पवित्र मास में यहां भोले बाबा के दर्शन पूजन करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। यहां के विहंगम दृश्य को देश भर के सामने प्रस्तुत करने के लिए ड्रोन द्वारा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए एएनआई ने लिखा है, उत्तराखंड: पूरे देश से कांवड़िया हरिद्वार पहुंचे हैं। वीडियो ड्रोन से ली गई है। बता दें कि कल सावन का दूसरा सोमवार है। ऐसे में हरिद्वार में गंगा में स्नान कर भोले बाबा को गंगा जल अर्पित करने की परम्परा सदियों से चली आ रही है। मालूम हो कि सावन के सोमवार और महाशिवरात्रि पर ही सबसे अधिक कांवड़िया बाबा के दर्शन करने के लिए इस पवित्र नगरी पहुंचते हैं। कल सावन के सोमवार के साथ ही प्रदोष का संयोग मिल रहा है।

बता दें कि प्रदोष का दिन भगवान शिव का ही दिन माना जाता है। चूंकि ये संयोग सोमवार को मिल रहा है व ऊपर से सावन भी है तो ये दिन महाशिवरात्रि इतना ही पावन बन पड़ा है। इसीलिए इस खास दिन पर इस पवित्र नगरी में दर्शन करने के लिए तीन से चार लाख से अधिक कांवड़ियों के पहुंचने की उम्मीद बताई जा रही है।

बता दें कि यहां हरकी पैड़ी, सुभाष घाट, मालवीय घाट, गऊ घाट, सर्वानंद घाट से लेकर पूरे हरिद्वार के हाइवे पर हर तरफ कांवड़िए ही कांवड़िए नजर आ रहे हैं। हरिद्वार के सभी प्रमुख बाजारों में भी कांवड़िए ही दिखाई दे रहे हैं। मीडिया सूत्रों की मानें तो हर दुकान पर केवल कांवड़ यात्रा से संबंधित सामग्री ही दिखाई दे रही है। दक्ष प्रजापति, मनसा, चंडी आदि और सभी प्रमुख मंदिरों में भी शिवभक्तों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि रात 12 बजे से ही कांवड़िए गंगा में स्नान आदि से निवृत्त होकर भोर से ही मंदिरों में दर्शन करने के लिए पहुंच जाएंगे।

चप्पे-चप्पे पर है पुलिस की नजर
सुरक्षा के मामले में यहां पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर है। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस ड्रोन से हरिद्वार पर नजर रखे हुए हैं। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड की टीम रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, हरकी पैड़ी समेत कई मंदिरों में पहुंचकर चेकिंग कर रही है। अधिकारी भी लगातार मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। (फोटो वायरल वीडियो से ली गई है)