“ये हमला याद दिलाता है कि…” पहलगाम आतंकी हमले पर मोहन भागवत ने दी पहली प्रतिक्रिया, दिलाई रावण की याद
Mohan Bhagwat on Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल, 2025 को हुए आतंकी हमले के बाद से ही पूरे देश में उबाल है और लगातार देशवासी पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. तो वहीं भारत सरकार ने भी कई कड़े फैसले पाकिस्तान के खिलाफ लिए हैं. इसी बीच राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत का बयान सामने आया है. उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि अत्याचार करने वालों को सबक सिखाना हमारा धर्म है.
हमारा धर्म अहिंसा है
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मोहन भागवत कहते दिखाई दे रहे हैं कि “रावण का वध उसके कल्याण के लिए ही हुआ. भगवान ने उसका संहार किया. ये हिंसा नहीं अहिंसा है. अहिंसा हमारा धर्म है लेकिन अत्याचार करने वालों को धर्म सिखाना अहिंसा है.” उन्होंने आगे कहा कि “हम कभी भी अपने पड़ोसियों का नुकसान नहीं करते. इसके बाद भी अगर कोई गलत रास्ता अपनाता है तो राजा का कर्तव्य है प्रजा की रक्षा करना. राजा अपना काम करेगा.”
धर्म पूछकर की गई हत्या
संघ प्रमुख ने आगे कहा, “नफरत और दुश्मनी हमारी संस्कृति में ही नहीं है लेकिन चुपचाप नुकसान सहना भी हमारी संस्कृति में नहीं है. हमारे दिलों में दर्द है. हम गुस्से में है. बुराई को खत्म करने के लिए हमें अपनी ताकत दिखानी होगी. इससे पहले उन्होंने कहा कि ये हमला याद दिलाता है कि ये लड़ाई धर्म और अधर्म के बीच है. लोगों से उनका धर्म पूछा गया और उनकी हत्या कर दी गई. हिंदू कभी भी ऐसा नहीं करेगा. ये हमारा स्वाभाव नहीं है.
नहीं बचा था कोई विकल्प
पहलगाम हमले पर बोलते हुए संघ प्रमुख ने रावण की याद दिलाई और कहा, रावण का भी वध किया गया था क्योंकि उसने अपना मन बदलने से इनकार कर दिया था. कोई विकल्प ही नहीं बचा था. मोहन भागवत ने आगे बताया कि राम ने उसका वध किया लेकिन उसे सुधरने का मौका भी दिया गया, जब वो नहीं सुधरा तो उसके बाद ही उसका वध हुआ.
जरूरत पड़ने पर ताकत दिखाई पड़नी चाहिए
मोहन भागवत ने कहा, “हमें एक मजबूत प्रतिक्रिया की उम्मीद है. एक सच्चे अहिंसक शख्स को मजबूत भी होना चाहिए. अगर ताकत नहीं है तो कोई विकल्प नहीं है लेकिन जब ताकत है तो जरूरत पड़ने पर वो दिखाई देनी चाहिए.” बता दें कि संघ प्रमुख के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है.
ये भी पढ़ें-क्या होता है जिहादी शब्द का मतलब? पहलगाम हमले के बाद शाहरुख खान का पुराना Video वायरल