खबर का असर: कानपुर के तीन खंडशिक्षाधिकारियों की खामियां सामने आने के बाद महानिदेशक ने जारी किया बड़ा आदेश, लापरवाह BEO पर होगी सख्त कार्यवाही, निरीक्षण के लिए बनाई गई उच्चाधिकारियों की टीम, देखें आदेश
लखनऊ/कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर के जिला बेसिक शिक्षा विभाग के तीन खंड शिक्षाधिकारियों (BEO) के खिलाफ भ्रष्टाचार, लापरवाही और अव्यवस्था की शिकायतें सामने आने के बाद महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश, विजय किरण आनन्द ने बड़ा फैसला करते हुए रविवार को आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार प्रदेश भर के खंडशिक्षाधिकारियों के कार्यालयों का औचक निरीक्षण उच्चशिक्षाधिकारियों द्वारा किया जाएगा। खामियां सामने आने पर बीईओ पर सख्त कार्यवाही भी की जाएगी।
बता दें कि कानपुर के तीन खंडों (प्रेमनगर, सदर बाजार और कल्याणपुर) के खंड शिक्षाधिकारियों की कमियों पर खबरस्टिंग (khabarsting) समाचार द्वारा गत तीन दिन से लगातार खबरें लिखी जा रही हैं। 5 अगस्त 2022 को “Kanpur:खंड शिक्षाधिकारी और बाबुओं की लापरवाही की भेंट चढ़ा कानपुर के शिक्षकों का “त्योहार”, रुकी तीन खंडों के शिक्षकों की सैलरी, बाबुओं पर घूस लेने का लगा आरोप, देखें क्या कहा लेखाधिकारी ने” और 6 अगस्त 2022 को “Kanpur: तीन खंडों के खंड शिक्षाधिकारियों को नहीं चिंता है शिक्षकों के वेतन की, जानें त्योहारों से पहले सैलरी मिलेगी या नहीं, देखें क्या कहा लेखाधिकारी ने, बोले BSA “अब लापरवाही पर रुकेगा दोषियों का वेतन”, DM तक पहुंची शिकायत”, शीर्षक से लिखी गईं खबरों का संज्ञान लेने के बाद महानिदेशक विजय किरन आनन्द ने आर्डर जारी करते हुए प्रदेश भर के खंड शिक्षाधिकारियों के कार्यालयों का निरीक्षण करने करने के निर्देश उच्चाधिकारियों को दिए हैं। इसके लिए उन्होंने टीम का गठन भी कर दिया है।

तो वहीं खंड शिक्षाधिकारियों के खिलाफ प्रदेश के अन्य जिलों से जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों, जिला बेसिक शिक्षाधिकारियों, शिक्षकों और जिलासमन्वयकों ने भी फीडबैक के तहत बीईओ की खामियों को उजागर किया गया है। इसी को लेकर रविवार को आर्डर जारी करते हुए महानिदेशक ने उच्चाधिकारियों की निरीक्षण टीम नियुक्त करते हुए कहा है कि प्रदेश के खंड शिक्षाधिकारियों की कार्यशैली एवं व्य़वहार के बारे में जानकारी मिली है। इसके बाद उनके द्वारा विभागीय कार्यक्रमों के संचालन एवं पदीय दायित्वों का निर्वाहन में लापरवाही एवं शिथिलता बरती जा रही है। प्रदेश भर के सभी खंड शिक्षाधिकारियों के कार्यालयों अथवा बीआरसी केंद्रो का सघन निरीक्षण किया जाए।

मालूम हो कि कानपुर के प्रेमनगर, सदर बाजार और कल्याणपुर के खंडशिक्षाधिकारियों की लापरवाही के चलते शिक्षकों का अगस्त माह का वेतन समय पर रिलीज नहीं हो सका है, जबकि पूरे जिले के शिक्षकों का वेतन रिलीज हो गया था। इस मामले में लेखाधिकारी शालिनी सिंह ने बताया शनिवार को जानकारी दी थी कि सदर बाजार और प्रेमनगर के खंड शिक्षाधिकारियों व बाबूओं की लापरवाही की वजह से हर महीने से वेतन में देरी हो जाती है। मात्र इन दो खंडों की वजह से पूरे जिले के शिक्षकों का समस्या का सामना करना पड़ता है।