Bahula Chaturthi-2022: 15 अगस्त को है बहुला चतुर्थी व्रत, चंद्रोदय से पहले कम बोलें व्रती, देखें पूजन विधि, जानें क्या है इस व्रत को लेकर मान्यताएं, पढ़ें कथा, जानें इस दिन क्या खाना चाहिए और क्या नहीं
भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को बहुला चतुर्थी व बहुला चौथ के नाम से जाना जाता है। इस दिन भगवान श्रीगणेश के निमित्त व्रत किया जाता है। महिलाएं इस दिन प्रातः स्नान कर पवित्रता के साथ गणेशजी की आराधना आरंभ करती हैं। आचार्य विनोद कुमार मिश्र बताते हैं कि गणेशजी की प्रतिमा के सामने व्रत का संकल्प लें। धूप, दीप, गंध, पुष्प, प्रसाद आदि सोलह उपचारों से श्रीगणेशजी का पूजन संपन्न करें। चंद्र उदय होने से पहले जितना हो सके कम बोलें।

शाम को फिर से स्नान कर इसी पूजा विधि से श्रीगणेशजी की उपासना करें। इसके बाद चन्द्रमा के उदय होने पर शंख में दूध, दूर्वा, सुपारी, गंध, अक्षत से श्रीगणेशजी का पूजन करें और चतुर्थी तिथि को चंद्र्देव को अर्घ दें। मान्यता है कि बहुला चतुर्थी व्रत के पालन से सभी मनोकामनाएं पूरी होने के साथ ही व्रती (व्रत करने वाला) के व्यावहारिक व मानसिक जीवन से जुड़े सभी संकट, विघ्न और बाधाएं समूल नष्ट हो जाते हैं। यह व्रत संतान दाता तथा धन को बढ़ाने वाला है।
बहुला चतुर्थी की प्रचलित कथा
बहुला चतुर्थी व्रत की प्रचलित कथा के मुताबिक मान्यता है कि जब भगवान विष्णु का कृष्ण रूप में अवतार हुआ था, तब इनकी लीला में शामिल होने के लिए देवी-देवताओं ने भी गोप-गोपियों का रूप लेकर अवतार लिया था। इसी समय कामधेनु नाम की गाय के मन में भी कृष्ण भगवान की सेवा करने का विचार आया और अपने अंश से बहुला नाम की गाय बनकर नंद बाबा की गौशाला में पहुंच गई। इसीलिए इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और गाय की पूजा करने का भी विधान है।
देखें क्या खाना चाहिए और क्या नहीं
बहुला चौथ व्रत को लेकर मान्यता है कि इस दिन गाय का दूध एवं उससे बनी हुई चीजों को नहीं खाना चाहिए। परम्परागत जो भी आपके घर-परिवार में भोजन करते आ रहे हैं, उसका भोजन करें, गाय के दूध-दही का त्याग करें। इस व्रत को करने से शुभ फल प्राप्त होता है, घर-परिवार में सुख-शांति आती है, मनुष्य की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
DISCLAIMER:यह लेख धार्मिक मान्यताओं व धर्म शास्त्रों पर आधारित है। हम अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देते। पाठक धर्म से जुड़े किसी भी कार्य को करने से पहले अपने पुरोहित या आचार्य से अवश्य परामर्श ले लें। KhabarSting इसकी पुष्टि नहीं करता।)