Agra: डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में शिक्षक ने बोल-बोल कर कराया नकल…Video वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

Share News

Agra Dr. Bhimrao Ambedkar University: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो को आगरा के डॉ. भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय का बताया जा रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि शिक्षक बोल-बोल कर कक्षाओं में नकल करा रहे हैं।

इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चौतरफा हंगामा खड़ा हो गया है. इसी के साथ ही उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. साथ हा विश्वविद्यालय प्रशासन के नकल विहीन परीक्षा कराने के दावे हवा में उड़ गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। दावा किया जा रहा है कि विश्वविद्यालय ने इस बार भी ऐसे कॉलेजों को केंद्र बना दिया है जहां पर नकल होती रही है. तो वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एत्मादपुर के आचार्य ताराचंद्र शास्त्री कॉलेज का नाम दिखाई दे रहा है। इसमें एक क्लास रूम के अंदर छात्र बैठे हुए हैं और शिक्षक बोल-बोल कर छात्रों को हर प्रश्न का विकल्प बता रहे हैं।

बता दें कि विश्वविद्यालय ने नकल को रोकने के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया है और कंट्रोल रूम में शिक्षकों को तैनात किया गया है ताकि सीसीटीवी कैमरे के जरिए कक्षाओं में क्या हो रहा है, इस पर निगरानी रखी जाए, लेकिन सवाल ये है कि सीसीटीवी में नकल क्यों नहीं नजर आ रही? तो वहीं लोग ये भी सवाल खड़े कर रहे हैं कि यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री आगरा के ही रहने वाले हैं। फिर भी यहां नकल माफिया का राज चल रहा है।

टेंट की कुर्सियों में परीक्षा होने का वायरल हो चुका है वीडियो

बता दें कि इस विश्वविद्यालय की परीक्षाओं का पहले भी कई बार मजाक उड़ चुका है। इससे पहले अछनेरा के हरिचरण लाल कॉलेज में इंटर पास व्यक्ति प्राचार्य था और उसे केंद्र बना दिया गया था। तो वहीं महाराणा प्रताप कॉलेज का वीडियो वायरल हुआ था जिसमें पंगत में टेंट की कुर्सियों पर परीक्षा देते हुए स्टूडेंट्स दिखाई दे रहे थे. कॉलेज में फर्नीचर तक नहीं था और उसे केंद्र बना दिया गया था।

ये भी पढ़ें-अश्लीलता परोसने वाले शो पर पुलिस ने की ये बड़ी कार्रवाई…उल्लू ऐप के मालिक एजाज खान पर रेप और धर्म परिवर्तन का भी लगा आरोप-Video