Delhi Murder Case: कंझावला मामले में 11 पुलिसकर्मी निलम्बित, कार से घसीट कर मार दिया गया था युवती को, वायरल हुआ वीडियो

January 13, 2023 by No Comments

Share News

दिल्ली के कंझावला में कार से घसीट कर मार दी गई अंजलि सिंह के मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सख्त कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस के 11 कर्मचारियों को निलंबित करने का आदेश दिया है। इनके खिलाफ यह कार्रवाई ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में की गई है। यह सभी पुलिसकर्मी रोहिणी जिला पुलिस के हैं और इसके ही अंतर्गत बाहरी दिल्ली का कंझावला इलाका आता है।

मालूम हो कि 1 जनवरी को तड़के हुए हादसे में कार से स्कूटी की टक्कर होने के बाद अभियुक्तों ने अंजलि को 10 से 12 किलोमीटर तक घसीटा था, जिससे अंजलि की जान चली गई थी। अजंलि की उम्र मात्र 20 साल थी। जिन पुलिसकर्मियों को बर्खास्त किया गया है उनमें दो सब इंस्पेक्टर, चार असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, चार हेड कॉन्स्टेबल और एक कॉन्स्टेबल शामिल है।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले में दिल्ली पुलिस की विशेष आयुक्त शालिनी सिंह ने जांच की थी और जांच में इन पुलिसकर्मियों को दोषी पाया गया है। इसके बाद गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा को इन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया है। बता दें कि घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज व तमाम साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम दीपक खन्ना, मनोज मित्तल, अमित खन्ना, कृष्णा, मिथुन, अंकुश और आशुतोष हैं। एक अभियुक्त अंकुश को जमानत मिल चुकी है।

अब ये धारा लगाने का दिया गया आदेश
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस को आदेश दिया था कि वह कंझावला मामले के अभियुक्तों के खिलाफ हत्या की धारा 302 लगाए। अभियुक्तों ने शुरुआती पूछताछ में पुलिस को बताया था कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनकी कार के नीचे अंजलि फंसी हुई है क्योंकि उनकी कार में तेज संगीत बज रहा था, लेकिन बाद में पुलिस के सूत्रों से यह जानकारी आई थी कि अभियुक्तों ने इस बात को स्वीकार कर लिया था कि उन्हें पता था कि अंजलि उनकी कार के नीचे फंसी हुई है लेकिन उन्होंने डर की वजह से कार नहीं रोकी।

परिजनों की मांग पर लगी धारा 302
बता दें कि पीड़िता अंजलि सिंह के परिजनों ने कुछ दिन पहले सुल्तानपुरी पुलिस थाने के बाहर धरना दिया था और मांग की थी कि अंजलि मौत मामले में हत्या की धारा 302 को भी जोड़ा जाए। अंजलि के मामा ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा था कि जब इस मामले के अभियुक्तों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है तो पुलिस उनके खिलाफ धारा 302 क्यों नहीं लगा रही है।

घटना के बाद अंजलि के घर हुई चोरी
बताया जाता है कि बीते सोमवार को अंजलि के घर पर चोरी हुई थी और परिजनों ने इसका आरोप उसकी दोस्त निधि पर लगाया था। मालूम हो कि 1 जनवरी को तड़के जब अंजलि कार दुर्घटना का शिकार हुई थी तो निधि उसके साथ स्कूटी की पिछली सीट पर बैठी थी। इस घटना में अंजलि की तो मौत हो गई, लेकिन निधि साफ बच गई। ये सब कैसे हुआ, इसकी जांच भी पुलिस कर रही है। इसी के साथ निधि पर तमाम सवाल उठ रहे हैं। ये कि इस घटना की जानकारी उसने तुरंत पुलिस को क्यों नहीं बताई। आखिर उसने अपनी दोस्त को बचाने की कोशिश क्यों नहीं की। इसी के साथ तमाम सवाल हैं जो निधि की ओर शक की सुई को घुमा रहे हैं। वहीं अंजलि के परिजनों और स्थानीय लोगों ने बीते हफ्ते निधि के घर के बाहर प्रदर्शन किया था और उसकी गिरफ्तारी की मांग की थी। परिजनों की मांग थी कि इस मामले की सीबीआई जांच की जानी चाहिए।

देखे अंजलि की सहेली निधि ने क्या दिया मीडिया को बयान