UP News: घूस लेते दरोगा का वायरल हुआ वीडियो, ये बड़ी वजह आई सामने, (चेतावनी-वीडियो में अपशब्द का इस्तेमाल हुआ है)

January 11, 2023 by No Comments

Share News

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक खाकी वर्दीधारी किसी से कुछ रुपए लेते दिखाई दे रहा है। यह वीडियो उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले का बताया जा रहा है। जानकारी सामने आई है कि दरोगा ने एक दुकानदार से घूस ली। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दुकानदार बैठा है और दरोगा के साथ ही एक शख्स और भी है, जो दरोगा के बगल में बैठा है। दरोगा पीड़ित पक्ष को गाली देता है। फिर कहता है, ”हम तो विरोधी के साथ बैठते हैं। अगर वहां (थाने) से टेंशन लेंगे, तो गड़बड़ हो जाएगी। यहां से टेंशन लेंगे, तो ठीक रहेगा। इसलिए तुम्हारे पास आ जाते हैं।”

बातचीत के दौरान दुकान पर बैठा शख्स रुपए निकालकर सामने बैठे दूसरे युवक को देता है। वह रुपए बगल में बैठे दरोगा को दे देता है। दरोगा रुपए जेब में रख लेता है। मामला कब का है। यह अभी तक पता नहीं चल सका है। हालांकि वीडियो कंधरापुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

तो इसलिए ली गई घूस
जानकारी सामने आई है कि कंधरापुर कस्बे में कुछ दिन पहले जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। इसमें एक व्यापारी के खिलाफ पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी। केस से नाम हटाने के लिए दरोगा ने व्यापारी से रिश्वत ली। तो दूसरी ओर पीड़ित व्यापारी ने बताया कि दरोगा आए दिन रिश्वत मांगता है। न देने पर कार्रवाई करने की धमकी देता है। अब तक वह दरोगा को करीब 12 हजार रुपए दे चुके हैं। कुछ दिन पहले दरोगा रुपए मांगने दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान उसने दरोगा का वीडियो बना लिया। इसके बाद बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

कंधरापुर थाने में है दरोगा की तैनाती
वीडियो सामने आने के बाद ASP सिटी शैलेंद्र लाल ने कहा, “सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जांच CO सिटी को सौंप दी गई है। वीडियो में जो दरोगा दिख रहा है। वह कंधरापुर थाने पर तैनात है। वह जिस व्यापारी के यहां बैठा है, उसी के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहता भी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

संभल में भी घूस लेते दरोगा गिरफ्तार
संभल से भी एक खबर सामने आ रही है। यहां भी घूस लेते दरोगा धर्मेंद्र सिंह तोमर को एंटी करप्शन की टीम ने रंगे हाथ दबोचा है। मुकदमे में धारा हटाने के नाम पर 5000 की घूस ले रहे थे। रिश्वतखोर दरोगा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। मामला गुन्नौर तहसील के थाना जुनावई का बताया जा रहा है।