Female Naga Sadhu: रहस्य व रोमांच से भरी होती हैं ‘महिला नागा साधु’ की दुनिया, जानें कहां रहती हैं और क्या है इनके साधु बनने की प्रक्रिया
नागा साधुओं की दुनिया की जानकारी को लेकर लोगों में उत्सुकता बनी रहती है। लोग जानना चाहते हैं कि आखिर कैसी होती है, इनकी दुनिया। कुंभ के दिनों में ये समाज में आते हैं और फिर से ये कहां चले जाते हैं, इसकी जानकारी किसी को नहीं होती। अगर हम बात करें महिला नागा साधुओं की तो लोग इनके बारे में जानने के लिए तो और भी उत्सुक दिखाई देते हैं।
फिलहाल महिला नागा साधुओं को लेकर सोशल मीडिया पर एक जानकारी तेजी से वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि इनकी दुनिया बेहद रहस्यमयी और रोमांचक होती है। हालांकि इस बात को कम लोग ही जानते हैं कि महिलाएं भी नागा साधु बनती हैं। आइए इस लेख में जानते हैं कि महिला नागा साधु कैसे बनती हैं, उनकी वेशभूषा क्या होती है और उनकी दुनिया कैसी होती है और महिला नागा साधु कब दर्शन देती हैं।
अघोरी भी कहलाते हैं नागा साधु
हालांकि हम सब महिला नागा साधुओं के बारे में कम ही जानते हैं और इनका जिक्र भी कम ही देखा है। क्योंकि महिला नागा साधु दुर्लभ ही दिखाई देती हैं। यहां तक कि कई लोगों को तो यह भी नहीं मालूम है कि पुरुष नागा साधु की तरह महिला नागा साधु भी होती हैं। हिंदू धर्म में साधु-संतों की नागा साधु वाली बिरादरी को अघोरी भी कहा जाता है।
इस कठिन प्रक्रिया से गुजर कर बनती हैं महिला नागा साधु
हिंदू धर्म में जिस तरह पुरुष नागा साधु होते हैं वैसे ही महिला नागा साधु भी होती हैं। महिला नागा साधु बनने के लिए महिलाओं को कड़ा तप करना पड़ता है। उन्हें कठिन परीक्षाओं से गुजरना पड़ता है। बताया जाता है कि महिला नागा साधुओं की परीक्षा कई साल चलती है और वे सख्त ब्रह्मचर्य नियमों का पालन करती हैं। इसी के साथ जिंदा रहते हुए ही अपना पिंडदान करती हैं, अपना सिर भी मुंडवाती हैं। इसके बाद पवित्र नदी में स्नान करती हैं। तब जाकर उन्हें महिला नागा साधु का दर्जा प्राप्त होता है।
गुफाओं व घने जंगल में रहती हैं महिला नागा साधु
बताया जाता है कि महिला नागा साधु बहुत दुर्लभ मौकों पर ही दिखाई देती हैं। यह आम जनमानस के जनजीवन से बहुत दूर घने जंगलों, पहाड़ों, गुफाओं में ही रहती हैं और पूरा समय भगवान की भक्ति में ही लगाती हैं। वे जंगल-पहाड़ों से बाहर निकलकर दुनिया के सामने कम ही आती हैं। आमतौर पर महिला नागा साधु केवल कुंभ या महाकुंभ में ही नजर आती हैं और फिर अचानक से गायब भी हो जाती हैं। हालांकि पुरुष नागा साधु भी कम ही नजर आते हैं लेकिन महिला नागा साधुओं का दुनिया के सामने आने के मौके उससे भी कम होते हैं।
जानें कैसी होती है महिला नागा साधु की वेशभूषा
वैसे तो सभी जानते हैं कि पुरुष नागा साधु सार्वजनिक रूप से भी निर्वस्त्र ही नजर आते हैं। हालांकि महिला नागा साधुओं को नाम जरूर नागा साधु का दिया जाता है लेकिन वे निर्वस्त्र नहीं रहती हैं। अधिकांश महिला नागा साधु वस्त्रधारी होती हैं और केवल गेरुवे रंग का बिना सिला हुआ वस्त्र धारण करती हैं। ये गेरुए रंग का कपड़े का टुकड़ा होता है, जिसे वे अपने शरीर के कुछ हिस्सों पर लपेटे रहती हैं। इसी के साथ ही महिला नागा साधु अपने माथे पर तिलक लगाती हैं और अपने शरीर के कई हिस्सों पर भस्म भी लगाए हुए रहती हैं। महिला नागा साधुओं को हिंदू धर्म में बहुत सम्मान दिया जाता है और इन्हें माता कहकर बुलाया जाता है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और सोशल मीडिया पर वायरल जानकारियों पर आधारित है। खबरस्टिंग इसकी पुष्टि नहीं करता है।) (फोटो-सोशल मीडिया)