प्रेमानंद महाराज ने रात 2 बजे से फिर शुरू की पदयात्रा…श्रद्धालुओं ने ऐसे किया स्वागत; सोसायटी के अध्यक्ष ने मांगी माफी, महाराज जी ने कही ये बात-Video

February 18, 2025 by No Comments

Share News

Premanand Maharaj: अब श्रद्धालुओं को फिर से वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन हो सकेंगे क्योंकि अब फिर से उनकी पदयात्रा रात 2 बजे से शुरू हो गई है. इसके बाद से ही महाराज के श्रद्धालुओं में फिर से खुशी की लहर दौड़ गई है. आज रात दो बजे महाराज की पदयात्रा से पहले ही भक्तों ने पूरा मार्ग फूलों की रंगोली बनाकर सजा दिया था.

कोई आरती की थाल लेकर खड़ा था तो कोई राधे-राधे का भजन गा रहा था. ढोल-नगाड़ों के साथ महाराज जी की पदयात्रा निकाली गई तो वहीं इस पूरे विवाद को लेकर प्रेमानंद महाराज का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

प्रेमानंद महाराज ने इस विवाद को लेकर कहा कि जब हमको विरोध सुनने को मिला तो, मेरा कार्य है कि सभी को सुख देना. अगर किसी को दुख लगे तो हम सबकुछ बंद कर सकते हैं. वह कल आए थे और कह रहे थे कि वे सभी आना चाहते हैं तो हमने कहा कि सभी का स्वागत है. इसी के साथ ही प्रेमानंद महाराज ने कल ही घोषणा कर दी थी कि वह रात 2 बजे अपने घर के गेट से निकल पड़ेंगे और पदयात्रा करेंगे. इस खबर के सामने आते ही उनके मार्ग को भक्तों ने फूलों से सजा दिया था.

इसलिए बंद की थी पदयात्रा

दरअसल वृंदावन में सोसायटी में रहने वाले कुछ लोगों ने हाल ही में महाराज जी की पदयात्रा का ये कहकर विरोध किया था कि महाराज की पदयात्रा के दौरान बहुत शोर होता है जिससे उनकी नींद में खलल पड़ता है. इसी के बाद आश्रम की ओर से एक बयान जारी किया गया था और कहा गया था कि महाराज जी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण पदयात्रा बंद की जाती है लेकिन फिर भी श्रद्धालु सुबह 2 ही बजे पहुंचकर उस मार्ग को सजा दिया था जिससे वह पदयात्रा करते हुए जाते थे. इस पर महाराज जी ने सुबह 4 बजे से पदयात्रा शुरू कर दी थी लेकिन पूरे देश में महाराज के विरोधियों के खिलाफ विरोध शुरू हो गया था. फिलहाल विवाद अब पूरी तरह से थम चुका है.

सोसायटी के अध्यक्ष ने मांगी माफी

बता दें कि देश भर के साथ ही स्थानीय व्यापारियों ने अपनी दुकान पर पोस्टर चिपका करके सोसायटी वालों का विरोध किया था. दुकान पर लगे पोस्टर में लिखा गया था कि कि एनआरआई ग्रीन वालों को यहां से सामान नहीं दिया जाएगा. यह पोस्टर एनआरआई ग्रीन सोसाइटी के पास बनी दो दुकानों में लगे थे. इसी के बाद एनआरआई सोसायटी के अध्यक्ष आशु शर्मा रविवार को महाराज जी के पास पहुंचे और माफी मांगी. इसी के साथ ही कहा कि सोसायटी के लोगों को अपनी गलती का अहसास हो गया है, लेकिन वह आपसे कहने के लिए हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं.

बता दें कि प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा का वृंदावन की एनआरआई ग्रीन सोसायटी के लोगों ने 4 फरवरी को विरोध किया था और ध्वनि प्रदूषण की बात कही थी. सोसायटी की महिलाओं का कहना था कि रात में होने वाली पदयात्रा के दौरान बजने वाले ढोल और आतिशबाजी से उनकी नींद भी खराब हो जाती है, जिसकी वजह से उनका पूरा दिन खराब होता है. इसी के बाद से सोसायटी वालों का विरोध किया जा रहा था. बता दें कि महाराज जी वृंदावन में अपने निवास स्थान से तड़के 2 बजे पदयात्रा करते हुए नंगे पांव श्री हित राधा केली कुंज जाते हैं और इस दौरान सड़क के दोनों ओर लाखों की तादाद में खड़े होकर भक्त उनके दर्शन करते हैं.

ये भी पढ़ें-…तो क्या इसी वजह से किया जा रहा है प्रेमानन्द महाराज का विरोध? श्रद्धालु ने किया चौंकाने वाला दावा; पदयात्रा शुरू करने की मांग-Video